ब्लॉगर के मुख पृष्ठ को देखते हैं। पन्ना अधिकतर हिंदी में है, सराहनीय प्रयास है। बस कहीं कहीं लगता है कि थोड़ा बेहतर हो सकता था। पहले देखते हैं शीर्षक।
अब अपना खाता बनाएँ - बेहतर होता, अभी अपना खाता बनाएँ। मुफ़्त - नुक्ते के साथ।
अब देखते हैं सत्रारंभ के बक्से के ऊपर। "अपने गूगल खाते का उपयोग करते हुए साइन इन करें" - यानी उपयोग करते करते साइन इन करें? ठीक है, गलत तो नहीं है पर "अपने गूगल खाते के जरिए सत्रारंभ करें" बेहतर हो सकता था।
अब चलते हैं सत्रारंभ के बक्से पर। "प्रयोक्ता नाम(ईमेल)" या "प्रयोक्ता(डाक पता)" हिंदी में नहीं है अभी। पासवर्ड के बजाय कूट का प्रयोग हो सकता है, वैसे पासवर्ड भी ठीक है। "साइन इन" के बदले "प्रवेश करें" या "सत्रारंभ करें" लिखा जा सकता है।
अब तक का सबसे खतरनाक है "नोट का ब्लॉग"। "अधिक" के बजाय "और", "अन्य", "और भी हैं" हो सकता है। और हाँ, क्यों न इस विभाग में हिंदी के चिट्ठे दिखाए जाएँ? हिंदी नहीं तो देवनागरी के?
अब आते हैं - नहीं जाते हैं मोबाइल। न न, "हो जाएँ मोबाइल"! या फिर "मोबाइल हो जाएँ"। कम से कम हिंदुस्तान में तो अब मोबाइल कहीं नहीं जाने वाले, हिंदी में समोसे भले ही सब फ़ोनों पर न पढ़ - भेज पाएँ। पर वह इस चर्चा का विषय नहीं है। 
यहाँ, हिंदी में ज़रूरी नहीं है कि अंग्रेज़ी के ए और दि के लिए एक और एकमात्र का उपयोग किया जाए। सीधे सीधे - "3 आसान चरणों में ब्लॉग/चिट्ठा बनाएँ", बस। और खाता बनाने के बजाय "खोलना" बेहतर है, और टेम्प्लेट के बजाय "खाका" चुना जा सकता है। अपना ब्लॉग अभी बनाएँ से बेहतर "अभी अपना ब्लॉग बनाएँ" या "तुरंत अपना ब्लॉग बनाएँ" हो सकता है। ब्लॉग के बजाय "चिट्ठा" का इस्तेमाल हो सकता है पर ब्लॉग भी ठीक है। पर अब आगे देखें। 
"ब्लॉग आपकी उपयोग में आसान वेब साइट है जहाँ आप शीघ्रता से विचार पोस्ट कर सकते हैं, लोगों से मिल सकते हैं, और बहुत कुछ. सभी कुछ मुफ़्त ." - ठीक है, पर "आपकी उपयोग में आसान"? थोड़ा आसान करो भाई। "ब्लॉग ऐसी वेब साइट है जिसका आप आसानी से इस्तेमाल कर सकते हैं" पढ़ने में ज़्यादा आसान है। विचार पोस्ट करने के बजाय "लिखे" या "छापे" जा सकते हैं। "और बहुत कुछ" के बजाय "और भी बहुत कुछ कर सकते हैं"। वेब साइट को जालस्थल भी कहा जा सकता है पर वेब साइट भी चलेगा। और पूर्णविरामों में कोई बुराई नहीं है हालाँकि बिंदु का इस्तेमाल भी मान्य है। 
के बारे में? किस के बारे में? "परिचय" या "हमारे बारे में" बेहतर होता। बज़ और गियर के बदले "है खबर गर्म" जैसा कुछ व माल-मत्ता हो सकता था। डेवलपर्स के बजाय विकासकर्ता, वैसे डेवलपर्स भी ठीक है।
और, कॉपीराइट को हिंदी में सर्वाधिकार सुरक्षित कहते हैं।
ऊपर दिए गए सुझाव मेरी राय मात्र हैं, औरों के पास बेहतर हो सकते हैं, यही नहीं, हो सकता है कि मौजूदा सामग्री आप को इन सुझावों से बेहतर लगे। बस बतौर प्रयोक्ता मैंने अपने सुझाव सामने रखे हैं। अनुवाद भी हममें से कइओं ने किए हैं, तो सभी अनुवादकों के प्रति मेरा आभार है। आलोचना सकारात्मक दृष्टि से की गई है।
बहरहाल हमें चिट्ठाकारी या ब्लॉगर हमें पसंद आए या न आए, ब्लॉगर का स्थल शायद हिंदी के जालस्थल निर्माताओं में सबसे अधिक प्रयुक्त स्थल है, उसका मुख पृष्ठ तो धाँसू होना ही चाहिए, है कि नहीं?
आप अपने विचार भी टिप्पणियों के जरिए लिखें, चर्चा होने के बाद इसकी पूरी सूचना ब्लॉगर वालों को देते हैं ताकि फ़ेरबदल का अनुरोध किया जा सके।
Wednesday, 21 November, 2007
ब्लॉगर का मुख पृष्ठ
प्रस्तुतकर्ता
ब्लॉगर की पोल
पर
10:39 PM
लेबल: अनुवाद-त्रुटि, सभी
Subscribe to:
Post Comments (Atom)




1 टिप्पणियाँ:
जानकारी तो मिल गई ब्लॉग बना लिया उस पर लेख टाईप कर दिया अब क्या करें आप मेरा लेख कैसे पढ़ सकेंगे
Post a Comment